तंत्र-मंत्र से धन बढ़ाने का झांसा: रायपुर में BJP पार्षद से 3.50 लाख की ठगी, नकली नोटों का थैला थमाया

रायपुर। राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों को कई गुना करने का लालच देकर एक बीजेपी पार्षद से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठक्कर बापा वार्ड के पार्षद रुस्तम कुर्रे को कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान के नाम पर नकली नोटों से भरा थैला थमा दिया और असली रकम लेकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से ठगी की पूरी रकम, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पैसों को 100 गुना करने का दिया गया लालच

पुलिस के अनुसार, गुढ़ियारी निवासी रुस्तम कुर्रे की मुलाकात करीब एक साल पहले भिलाई के सुपेला इलाके में रहने वाले राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश के बहाने संपर्क बढ़ाया और लगातार बातचीत करता रहा।

4 फरवरी 2026 से राहुल ने पार्षद को यह कहकर झांसे में लेना शुरू किया कि उसके संपर्क में मयंक दास नाम का तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है।

ऑफिस में कराया गया अनुष्ठान

पीड़ित के मुताबिक, 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ मंगल बाजार स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचा। वहां पूजा-पाठ और अनुष्ठान की तैयारी कराई गई।

अनुष्ठान के दौरान मयंक दास ने नकद रकम की मांग की, जिस पर पार्षद ने 500-500 के नोटों के 7 बंडलों में कुल 3.50 लाख रुपए सौंप दिए।

श्मशान की मिट्टी का बहाना बनाकर हुए फरार

इसके बाद कथित तांत्रिक ने पार्षद को बाहर बैठने के लिए कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा करता रहा। फिर दोनों आरोपी श्मशान से मिट्टी लाने की बात कहकर एक थैला थमा गए और बाइक से फरार हो गए।

काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर जब थैला खोला गया, तो उसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले। इसके बाद पीड़ित ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

4 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बीजेपी पार्षद की शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • राहुल भारती, निवासी सुपेला, भिलाई
  • मयंक दास, निवासी रिसाली, भिलाई
    के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों से पूरे 3.50 लाख रुपए, एक अपाचे बाइक और मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top