रायपुर में 12 अप्रैल को भजन क्लबिंग कार्यक्रम, मुंबई के कलाकारों की प्रस्तुति

रायपुर में 12 अप्रैल को भजन क्लबिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ इकाई के युवा विंग द्वारा एक निजी होटल में किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए संत युधिष्ठिर लाल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है और उनके द्वारा कार्यक्रम का पोस्टर भी जारी किया गया।

इस आयोजन में शदाणी दरबार के सचिव उदय शदाणी भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सिंधी काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि यह कार्यक्रम पारिवारिक और धार्मिक माहौल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवेश केवल एंट्री पास के माध्यम से ही मिलेगा।

युवा विंग के अध्यक्ष जीतू लोहाना ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मुंबई से आए कलाकार जतिन उदासी अपनी टीम के साथ भजन प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा बॉलीवुड डांस ग्रुप की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन में संजय रहेजा, विक्की लोहाना, सुनील कुकरेजा, नितिन कृष्णानी, निलेश तारवानी और रितेश वाधवा सहित कई सदस्य सक्रिय भूमिका निभाएंगे। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष काजल सचदेव, लक्ष्मी बजाज, चंचलानी और महक होतवानी की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।

Scroll to Top