छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां दो युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त रविवार रात जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे और शराब पीने के बाद सोमवार देर रात आत्महत्या कर ली।
यह घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान तेतला निवासी दीपक बरैठ (20) और कटंगपाली निवासी शिवशरण (21) के रूप में हुई है।

जन्मदिन की पार्टी के बाद उठाया कदम
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दीपक का जन्मदिन था। इसी मौके पर वह अपने दोस्त लाभों के साथ पहले शिवशरण के पास गया। कुछ समय बाद तीनों चिखली लौट आए। इसके बाद लाभों अपने घर चला गया, जबकि दीपक और शिवशरण बाजार की ओर निकल गए।
बताया जा रहा है कि चिखली बाजार में दोनों दोस्तों ने शराब पी और इसके बाद पास स्थित शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में पहुंच गए।
पेड़ पर एक ही साड़ी से लगाई फांसी
रात के दौरान दोनों ने स्कूल परिसर में मौजूद बबूल के पेड़ पर एक ही साड़ी के अलग-अलग छोर से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव पेड़ पर लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतल भी मिली है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

