रायगढ़ में IPL सट्टे का बड़ा खुलासा, 1 करोड़ कैश जब्त; मास्टरमाइंड गुड्डा सरदार फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े कैश नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण प्राइड टावर के फ्लैट नंबर 505 में दबिश दी, जहां से 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है, जबकि पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के मुताबिक यह रकम ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी से हासिल की गई थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीधे बैंक खातों में पैसा जमा करने के बजाय नकदी को अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखते थे। जांच एजेंसियों को हवाला नेटवर्क के जरिए रकम दूसरे शहरों तक भेजने के संकेत भी मिले हैं।

मामले की शुरुआत 26 अप्रैल को हुई थी, जब साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर छापा मारा था। उस दौरान 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और डिजिटल जांच में करन चौधरी और गुड्डा सरदार का नाम सामने आने के बाद पुलिस लगातार नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही थी।

मंगलवार को चक्रधरनगर क्षेत्र में करन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को फ्लैट में भारी रकम रखे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने फ्लैट पर दबिश देकर नकद राशि और अन्य सामान जब्त किया।

जांच में रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर और दिल्ली तक इस नेटवर्क के लिंक मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top