रायगढ़। जिले के ठेला चौक में 16 अक्टूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंसानी पुतले का कटा सिर सड़क पर रख दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कटे सिर के आसपास लाल निशान और नारियल भी देखे जा सकते हैं, जिससे लोगों में इसे तंत्र-मंत्र या जादू-टोना से जोड़कर देखने की चर्चा शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से की जांच की मांग
घटना वार्ड नंबर 16 और 39 के बीच दशरथ पान ठेला चौक की है। सुबह राहगीरों ने इस दृश्य को देखकर वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा किया। लोगों ने रायगढ़ पुलिस और पुलिस कप्तान से इस घटना की तुरंत जांच करने की मांग की।
सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया कि जांच की जानी चाहिए कि यह घटना भय पैदा करने के लिए की गई, किसी व्यक्ति को धमकाने के लिए, या किसी अन्य किसी कारण से हुई।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि पुतले के आसपास जो लाल निशान देखे गए, वे किसी काली मुर्गी के खून के निशान हैं, किसी इंसानी चोट या हत्याकांड से संबंधित नहीं।
इस घटना ने शहर में उथल-पुथल और डर फैला दिया है, और लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर तुरंत सख्त और पारदर्शी जांच की जानी चाहिए।

