छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक पुलिस आरक्षक का नशे की हालत में वर्दी पहनकर बेसुध पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरक्षक को निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, धर्मजयगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक दिलेश चंद्रा का वीडियो बुधवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया। वीडियो में वह क्लब ग्राउंड में वर्दी पहने हुए नशे की हालत में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा था। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में आरक्षक का आचरण उसके पद की गरिमा के विपरीत पाया गया, जिसके चलते उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के दौरान आरक्षक का मुख्यालय रक्षित केंद्र रायगढ़ तय किया गया है और इस अवधि में उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और वर्दी की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

