छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की गतिविधि तेजी से बढ़ रही है। धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 35 हाथियों का बड़ा दल देखा गया है, जिसमें 7 शावक भी शामिल हैं। इस दल का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम छाल वन परिक्षेत्र के बोजिया परिसर स्थित पेलमबांध के पास इस दल को देखा गया। हाथियों के इस समूह में 3 नर, 25 मादा और 7 बच्चे शामिल हैं। यह दल जंगल के साथ-साथ गांवों के आसपास भी घूमता नजर आया, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए हाथी मित्र दल को अलर्ट पर रखा गया है। बोजिया से औरानारा मार्ग, गड़ाईनबहरी और सिंघीझाप क्षेत्र में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जा रही है। बताया जा रहा है कि यह दल घरघोड़ा क्षेत्र से होते हुए छाल रेंज में पहुंचा है।
एक वीडियो में देखा गया कि सड़क पर आए हाथियों को हाथी मित्र दल के सदस्य ने आवाज देकर सुरक्षित जंगल की ओर लौटा दिया। इससे पहले भी इस तरह के प्रयासों से हाथियों और लोगों के बीच टकराव टाला गया है।
वन विभाग के अनुसार, रायगढ़ जिले में इस समय कुल 123 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें से छाल रेंज में 59, धरमजयगढ़ रेंज में 48 और लैलूंगा रेंज में 13 हाथी हैं। कुल संख्या में 36 नर, 62 मादा और 26 शावक शामिल हैं।
वन विभाग द्वारा ड्रोन और जमीनी टीमों की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है। छाल रेंज अधिकारी राजेश चौहान ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है और ग्रामीणों को सावधानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

