लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वे करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे और जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक Purandar Mishra ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं और व्यंग्य करते हुए कहा कि क्या वे “आलू से सोना निकालने” जैसी बातें सिखाएंगे।
वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक Vikas Upadhyay ने भाजपा विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियां केवल राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से है।
अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में कांग्रेस का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से शुरू हो चुका है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं।
शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं को गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या पर चर्चा करने तथा स्थानीय सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास, संगठन प्रबंधन, मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राहुल गांधी अपने विशेष सत्र में संगठन विस्तार, बूथ स्तर की मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। शिविर में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी Sachin Pilot समेत कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होकर विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दे रहे हैं।