प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। गुजरात के वाव-थराड में 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट के बावजूद भारत ने हालात को नियंत्रण में रखा है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कठिन परिस्थितियों में भी कांग्रेस अफवाह फैलाने और लोगों को भड़काने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए पेट्रोल पंपों पर भीड़ जुटाकर व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश की जा रही है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने साणंद में सेमीकंडक्टर प्लांट और गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति म्यूजियम का उद्घाटन किया। साणंद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत ने कोरोना काल में ही तय कर लिया था कि देश को सेमीकंडक्टर सेक्टर में वैश्विक केंद्र बनाना है।
उन्होंने प्लांट का निरीक्षण भी किया और इंजीनियरों से बातचीत की। यह प्लांट एडवांस्ड इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल तैयार करेगा, जिनका उपयोग ऑटोमोबाइल और औद्योगिक उपकरणों में किया जाता है। यहां निर्मित चिप्स को कैलिफोर्निया स्थित कंपनी को निर्यात किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने गांधीनगर स्थित सम्राट सम्प्रति म्यूजियम का भी उद्घाटन किया, जहां जैन धर्म से जुड़ी 2000 से अधिक दुर्लभ वस्तुएं प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें प्राचीन मूर्तियां, पांडुलिपियां और ऐतिहासिक धरोहर शामिल हैं।
शाम को वाव-थराड में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सड़क, रेलवे, बिजली, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे और अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं।

