कैशियर की चालबाज़ी! ओम हॉस्पिटल से 11.41 लाख की हेराफेरी, अकाउंटेंट पर FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित ओम हॉस्पिटल में आर्थिक गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल के कैशियर ने कथित तौर पर अपनी सहयोगी कर्मचारी की मदद से करीब 11.41 लाख रुपये की रकम अस्पताल के खाते से निकालकर परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी। अस्पताल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अकाउंटेंट ओम प्रकाश गिर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि सहयोगी महिला कर्मचारी को फिलहाल छोड़ दिया गया है।


क्या है पूरा मामला?

ओम हॉस्पिटल के संचालक विनोद कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके अस्पताल में ओम प्रकाश गिर पिछले करीब ढाई साल से कैशियर के पद पर कार्यरत है। उसके साथ काव्या वर्मा असिस्टेंट के तौर पर काम करती थी।

जब अस्पताल की बिलिंग और अकाउंट की नियमित जांच की गई, तो खाते में जमा राशि कम पाई गई। इस पर कैशियर ओम प्रकाश से पूछताछ की गई, तो उसने रसीद भूल जाने जैसे बहाने बनाकर बात को टाल दिया।

इसके बाद जब असिस्टेंट काव्या वर्मा से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि 9 अप्रैल से 10 जनवरी 2026 के बीच, ओम प्रकाश के कहने पर उसने अस्पताल का पैसा पहले अपने खाते में और फिर उसके बताए गए अन्य खातों में ट्रांसफर किया।


10 महीनों में कई किश्तों में ट्रांसफर

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब 10 महीनों के भीतर अलग-अलग किश्तों में अस्पताल की रकम ट्रांसफर की। इस पूरी हेराफेरी से अस्पताल प्रबंधन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पूरे लेन-देन की बैंकिंग जांच की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Scroll to Top