नंदनवन जू और जंगल सफारी के टिकट हुए महंगे, नई दरें लागू

छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी में घूमने वाले पर्यटकों के लिए अब जेब ढीली करनी पड़ेगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क और सफारी राइड की नई दरें जारी कर दी हैं, जिसके तहत कई श्रेणियों में टिकटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कुछ में यह वृद्धि दोगुने से भी अधिक है।

नई दरों के अनुसार 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का टिकट 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु के आगंतुकों के लिए शुल्क 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये तय किया गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है।

हालांकि दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैध पहचान पत्र के आधार पर मुफ्त प्रवेश की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन यह सुविधा केवल सामान्य दिनों में ही लागू होगी, जबकि वीकेंड, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों पर यह मान्य नहीं होगी।

सफारी राइड के शुल्क में भी बदलाव किया गया है। 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए सामान्य बस में 100 रुपये, एसी बस में 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस में 175 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वयस्कों के लिए यह दर क्रमशः 150 रुपये, 200 रुपये और 250 रुपये रखी गई है। विदेशी पर्यटकों के लिए सफारी शुल्क 750 रुपये से लेकर 1250 रुपये तक तय किया गया है।

Scroll to Top