मेरठ के सरधना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जुआ खेलने के दौरान शुरू हुआ विवाद
यह घटना सरधना के मेहरमती गणेशपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक गांव के दो पक्ष छोटा कब्रिस्तान के पास खेत में जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

ग्राम प्रधान के भाइयों की मौत
एक पक्ष ग्राम प्रधान सईदु का बताया जा रहा है, जिसमें उनके भाई सईमुद्दीन (48) और भूरा (38) शामिल थे। दूसरे पक्ष में चुन्नू (30) नामक युवक बताया जा रहा है। मारपीट के दौरान सईमुद्दीन और भूरा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एक ही कुनबे के बताए जा रहे दोनों पक्ष
पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पहले गाली-गलौज हुई, फिर नोकझोंक और उसके बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को बुला लिया और हिंसा बढ़ गई।

15 मिनट तक चला खूनी संघर्ष
करीब 15 मिनट तक दोनों तरफ से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला होता रहा। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से कुछ को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडेय और एसपी देहात अभिजीत कुमार गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तीन आरोपी हिरासत में
घटना के बाद इलाके में तीन थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।
खुशियों के बीच मातम
बताया जा रहा है कि ईद के मौके पर गांव में उत्सव का माहौल था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। लेकिन शाम को हुआ छोटा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिससे त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

