सत्यमेव जयते फाउंडेशन ने सोमवार को महापौर मीनल चौबे को ज्ञापन सौंपकर दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कॉलेज के सामने निर्माणाधीन चौपाटी को हटाने और संपत्ति कर में ब्याज माफी लागू करने की मांग की।

छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा
फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि चौपाटी का निर्माण स्कूल और कॉलेज के प्रवेश द्वार के पास किया जा रहा है, जिससे छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। संगठन का कहना है कि इससे बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे छात्राओं की निजता को खतरा हो सकता है।
डॉ. अजीत डेग्वेकर ने आशंका जताई कि चौपाटी और रूफटॉप कैफे के चलते छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए इस निर्माण को तुरंत रोका जाना चाहिए।
संपत्ति कर में ब्याज माफी की मांग
इसके अलावा, संगठन ने भाजपा के घोषणा पत्र के अनुरूप बकाया संपत्ति कर में ब्याज माफी लागू करने की मांग उठाई। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि जब तक यह पूरी तरह प्रभावी न हो जाए, तब तक करदाताओं को राहत दी जानी चाहिए।
महापौर मीनल चौबे ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये प्रमुख नाम रहे:
डॉ. अजीत डेग्वेकर, राजेश त्रिवेदी, सुरेश बाफना, मोहम्मद सिद्दीक, मनोज पाल, शरद गुप्ता, टीकम साहू, शंकर सेन, निरंजन पारीख और चंद्रशेखर गायकवाड़।


