जिला अस्पताल एमसीबी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में मरकरी वाली बीपी मशीनों से पारा चोरी किए जाने के मामले सामने आए हैं। घटनाओं के बाद स्वास्थ्य संस्थानों में रखे चिकित्सा उपकरणों की निगरानी और बाहरी तकनीशियनों के सत्यापन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल एमसीबी में एक व्यक्ति कथित तौर पर टेक्नीशियन बनकर पहुंचा और बीपी मशीनों की मरम्मत करने के नाम पर उनमें मौजूद पारा निकाल लिया। बाद में संबंधित कंपनी से सत्यापन कराने पर उसके अधिकृत तकनीशियन नहीं होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई।

इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भी बीपी मशीनों से पारा चोरी होने की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद अस्पतालों में उपकरणों की निगरानी, रखरखाव और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश व सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब पुलिस के सामने चुनौती है कि स्वास्थ्य केंद्रों से पारा चोरी करने वाले आरोपी या आरोपियों की पहचान कर उन्हें कब तक गिरफ्तार किया जाता है। साथ ही जांच के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि इन घटनाओं के पीछे केवल एक व्यक्ति की भूमिका है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह काम कर रहा है।

