महासमुंद में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: 2 मशीनें और 7 वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 चैन माउंटेन मशीनों और 7 वाहनों को जब्त किया है।

23 मई 2026 की सुबह महासमुंद जिले की पिथौरा तहसील के ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 2 चैन माउंटेन मशीनें अवैध रेत उत्खनन करते मिलीं। वहीं मौके पर 3 हाइवा और 4 ट्रैक्टर रेत परिवहन में लगे पाए गए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्ष वैध अनुमति, अभिवाहन पास या अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही स्वीकृत खदान क्षेत्र के बाहर खनन किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल अवैध खनन कार्य बंद कराया।

कार्रवाई के दौरान दोनों मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया और अगले आदेश तक खदान मुंशी की निगरानी में रखा गया है। वहीं 3 हाइवा और 4 ट्रैक्टरों को जब्त कर साकरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। संबंधित खदान संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है।

इससे पहले भी खनिज विभाग ने मंदिर हसौद इलाके में कार्रवाई करते हुए दो चूना पत्थर खदानों को सील किया था और अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया था।

अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Scroll to Top