छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में देर रात अज्ञात लोगों ने एक कार और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत तिलकेजा के निवासी नरेंद्र उरांव ने बताया कि रात लगभग 3 बजे पड़ोसियों ने उन्हें सूचित किया कि उनके घर के पीछे बाड़ी में वाहन जल रहे हैं। ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और आग को काबू में किया, लेकिन तब तक सभी गाड़ियां जल चुकी थीं।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान वहां से एक जोड़ी चप्पल और माचिस बरामद की गई। ग्राम सरपंच पति देव मूरत ने कहा कि असामाजिक तत्वों ने गांव में दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह घटना की है। इस घटना से ग्रामीण डर और चिंता में हैं।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि उरगा थाना पुलिस को सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और जांच कार्यवाही जारी है।

