Kawardha के चिल्फी थाना क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां छट्ठी कार्यक्रम से घर लौट रही एक युवती के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। घटना के बाद पीड़िता को बेहोशी की हालत में अर्धनग्न अवस्था में जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता शुक्रवार-शनिवार की रात एक परिचित के घर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद वह देर रात घर लौट रही थी, तभी ग्राम सरोदादादर और रानीदहरा मार्ग के बीच जंगल इलाके में रास्ते में दो परिचित युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने युवती को जबरन शराब पिलाई और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी उसे मौके पर बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए।
सुबह स्थानीय लोगों ने जंगल में युवती को देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

