कवर्धा हादसा: नदी में गिरी कार, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक सभी युवक रायपुर के बिरगांव से पंडरिया क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पांडातराई थाना क्षेत्र के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलटते हुए करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरा।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी नदी से बाहर निकाल लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top