जांजगीर में दिल दहला देने वाली वारदात, एक ही परिवार के 4 लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भंवतरा गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात यह घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य अपने निर्माणाधीन मकान में खाट पर सो रहे थे। मृतकों में 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), नातिन मोगरा (25) और नाती पीतांबर (17) शामिल हैं। चारों के शव खून से लथपथ हालत में खाट पर पड़े मिले।

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ जब मकान में काम करने वाला मिस्त्री वहां पहुंचा। उसने चारों को मृत अवस्था में देखा और तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शक के आधार पर परिवार के कुछ सदस्यों और पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक परिवार के एक सदस्य की करीब 16-17 साल पहले भी हत्या हो चुकी थी, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका और मजबूत हो रही है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरा गांव सदमे में है।

Scroll to Top