आईपीएल 2026 के मुकाबलों से पहले नया रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस बार सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सामने पेश करने का मंच बनेगा।
10 और 13 मई को होने वाले मुकाबलों के लिए स्टेडियम के करीब 40 कॉर्पोरेट बॉक्स को छत्तीसगढ़ी थीम पर सजाया जा रहा है। जब मैच का प्रसारण 100 से ज्यादा देशों में होगा, तब यहां की लोक कला, परंपरा और रंगों की झलक भी वैश्विक दर्शकों तक पहुंचेगी।
इसी बीच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के अधिकारी रायपुर पहुंच चुके हैं। फ्रेंचाइजी जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टिकट, एंट्री सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी साझा करेगी। अगले तीन से चार दिनों में टिकट की कीमतों पर भी अंतिम फैसला लिया जाएगा।

मैदान और सुविधाओं में बदलाव
स्टेडियम में इस बार खेल का अंदाज भी बदला हुआ नजर आएगा। बाउंड्री का आकार 90 यार्ड से घटाकर करीब 71 से 75 यार्ड कर दिया गया है, जिससे ज्यादा रन बनने की संभावना बढ़ गई है। क्यूरेटर के अनुसार पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल तैयार की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बिना आईडी कार्ड के किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं मिलेगा। स्टेडियम की क्षमता लगभग 60 हजार दर्शकों के हिसाब से रखी गई है। ड्रेनेज सिस्टम और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार का काम भी अंतिम चरण में है।
कॉर्पोरेट बॉक्स में स्थानीय कला की झलक
स्टेडियम के कॉर्पोरेट बॉक्स को छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से सजाया जा रहा है। इसमें मिट्टी के रंग, लोक डिज़ाइन और स्थानीय कलाकृतियों को शामिल किया जाएगा, ताकि मैच देखने वाले दर्शकों को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अनुभव मिल सके।
डिजिटल टिकटिंग से एंट्री
इस बार टिकटिंग पूरी तरह डिजिटल होगी। दर्शकों को ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद मोबाइल पर क्यूआर कोड मिलेगा, जिसे स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर स्कैन कर एंट्री दी जाएगी। इस व्यवस्था से फर्जी टिकट और कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

