रायपुर में आपसी रंजिश का हिंसक रूप: छात्र पर जानलेवा हमला, एक युवक व तीन नाबालिग हिरासत में

रायपुर के दुर्गा कॉलेज के सामने आपसी विवाद के चलते एक छात्र पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक युवक और तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने छात्र प्रखर अवधिया पर स्टीक, चाकू और पेचकस से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल छात्र को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी धनराज सोनी उर्फ वासु (19 वर्ष) सहित तीन नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से चाकू, लोहे का स्टीक, पेचकस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

चाकू बेचने वाले दुकानदार पर भी गिरी गाज

जांच में सामने आया कि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू गोलबाजार स्थित एक दुकान से खरीदा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान संचालक के पास से 5 अमानक चाकू जब्त किए और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध और अमानक हथियारों की बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Scroll to Top