रायपुर। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं राधिका खेड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी को महिला-विरोधी मानसिकता करार दिया है। राधिका खेड़ा का कहना है कि यह न तो शब्दों की चूक है और न ही राजनीतिक आलोचना, बल्कि कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।
सोशल मीडिया पर जारी बयान में राधिका खेड़ा ने कहा कि सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की पत्नी पर निजी टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस की असल मानसिकता और अधिक सामने आ रही है।
राधिका खेड़ा ने अपने पोस्ट में लिखा कि मंच से की गई यह टिप्पणी कांग्रेस की महिला-विरोधी सोच को दर्शाती है, जो सत्ता जाने के बाद और भी खुलकर सामने आ रही है।
क्या कहा था भूपेश बघेल ने?
राधिका खेड़ा द्वारा साझा किया गया वीडियो बिलासपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गार्डन निर्माण को लेकर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि गार्डन बनाने की क्या जरूरत है, क्या यह स्थानीय लोगों की मांग है और क्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी पत्नी रोज वहां घूमने आते हैं।
पहले भी उठा चुकी हैं सवाल
राधिका खेड़ा इससे पहले भी DSP कल्पना वर्मा और रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े मामलों को लेकर बयान दे चुकी हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने दीपक टंडन के कथित संबंधों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तत्कालीन सचिव सौम्या चौरसिया के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
उन्होंने सवाल उठाया था कि कुछ ही वर्षों में एक छोटे व्यापारी से बड़े कारोबारी बनने के पीछे की कहानी क्या है और दीपक टंडन किसके निर्देश पर जेल में सौम्या चौरसिया से मुलाकात करता था। राधिका खेड़ा का कहना है कि इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
दीपक टंडन से जुड़ा एक पुराना वीडियो भी सामने आया था, जिसे लेन-देन से जुड़े विवाद से संबंधित बताया गया था और उस समय यह मामला काफी चर्चा में रहा।
राधिका खेड़ा का राजनीतिक सफर
लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण के मतदान के दौरान राधिका खेड़ा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। भाजपा में शामिल होने से पहले वे कांग्रेस की नेशनल मीडिया को-ऑर्डिनेटर थीं। इससे पहले वे पार्टी की नेशनल सेक्रेटरी और सोशल मीडिया हेड की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो राधिका खेड़ा ने कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी से हाई स्कूल की पढ़ाई की और इसके बाद दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स (DCAC) से पॉलिटिकल साइंस में बीए (ऑनर्स) किया है।

