गोरखपुर में पाकिस्तान के समर्थन की टिप्पणी को लेकर विवाद, कोटेदार और पार्षद प्रतिनिधि में हाथापाई

गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जाफरा बाजार में कोटेदार और पार्षद प्रतिनिधि के बीच पाकिस्तान के समर्थन में की गई कथित टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, पार्षद प्रतिनिधि विजय गुप्ता मोहल्ले की महिला चंद्रावती का केवाईसी कराने कोटेदार खलील के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कोटेदार ने पाकिस्तान के समर्थन में टिप्पणी की, जिससे मामला और गरमा गया।

विवाद की सूचना पर पार्षद अभिषेक शर्मा और शिवेन्द्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इसी बीच, पूर्व पार्षद इरशाद अपने भाई डान और साथी अमन के साथ वहां पहुंचे और कथित रूप से विजय गुप्ता से मारपीट की।

पुलिस को सूचना मिलने पर तिवारीपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल विजय गुप्ता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि घटना को लेकर तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top