वैश्विक स्तर पर इबोला वायरस को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष जांच काउंटर बनाए गए हैं, जहां देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन और मेडिकल टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और संदिग्ध लक्षणों की निगरानी अनिवार्य कर दी गई है। किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण मिलने पर तुरंत आइसोलेशन और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की गई है।

अफ्रीकी देशों, विशेष रूप से कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने चिंता जाहिर की है। इसके बाद भारत सहित कई देशों ने अपने एयरपोर्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है। फिलहाल देश में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर केंद्र और राज्य सरकारें अलर्ट मोड में हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाल ही में कहा था कि भारत में अभी इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं है, लेकिन एयरपोर्ट, बंदरगाहों और सीमावर्ती इलाकों में स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है। साथ ही ICMR और अन्य स्वास्थ्य एजेंसियों को सर्विलांस, टेस्टिंग और आपात तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

