इयरफोन में गाना सुनते हुए ट्रेन की चपेट में आया युवक, दुर्ग में रेल्वे ट्रैक पर मिली लाश

दुर्ग जिले में एक युवक की रेलवे दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार (16 अक्टूबर) सुबह 7:45 बजे ठगड़ा बांध रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल पर गाना सुन रहा था, कानों में इयरफोन लगे होने के कारण उसे ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं हुआ और वह ट्रेन की चपेट में आ गया

ट्रेन की रफ्तार और हादसे का भयावह दृश्य

घटना के समय ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद युवक लगभग 50 मीटर तक घसीटता चला गया। रेलवे ट्रैक पर युवक के शव के कई हिस्से बिखर गए। मौके पर बिखरे हुए टिफिन और मोबाइल चार्जर केबल से यह साफ था कि वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था।

मृतक और उसकी पहचान

मृतक की पहचान विष्णु यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई, जो विद्युत नगर के पास जोगी नगर का रहने वाला था और मजदूरी करता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह मजदूरी के लिए टिफिन लेकर घर से निकला था।

पुलिस और रेलवे प्रशासन की कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

परिवार पर गहरा सदमा

विष्णु यादव अपने माता-पिता के तीन बेटों में सबसे छोटा था। परिवार मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है। इस आकस्मिक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Scroll to Top