छत्तीसगढ़ में वायरल हुए कथित सेक्स वीडियो मामले में नया अपडेट सामने आया है। कांग्रेस विधायक Devendra Yadav ने खुद थाने पहुंचकर अपना फोटो और वीडियो सैंपल पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने इन सैंपल्स को रिकॉर्ड में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रखा है, ताकि वायरल वीडियो की सच्चाई सामने लाई जा सके।
यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान एक कथित MMS सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। उस वीडियो में एक युवक को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया था। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति विधायक देवेंद्र यादव हैं और इस मामले में जांच की मांग की गई थी।

विधायक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे फर्जी और उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया है। उन्होंने पहले भी इस मामले में FIR दर्ज कराई थी और अब एक बार फिर जांच में सहयोग करते हुए सैंपल दिए हैं।
मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह का वीडियो वायरल कर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें मिला नोटिस समय पर नहीं पहुंचा, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं और चाहते हैं कि जल्द सच्चाई सामने आए।
इससे पहले भी विधायक ने एक फॉरेंसिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया था कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कोई और है। साथ ही यह भी कहा गया था कि यह वीडियो सबसे पहले हैदराबाद से फैलाया गया था।
अब पुलिस इन सैंपल्स को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेगी, जिसके बाद वीडियो की वास्तविकता को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।

