राजस्थान से पश्चिम बंगाल तक बनी ट्रफ लाइन और बिहार से आंध्र प्रदेश तक सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम लगातार बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में शाम और रात के समय बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 11 मई के बाद थंडरस्टॉर्म की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव दर्ज नहीं किया गया, लेकिन आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे गर्मी का असर फिर तेज होने की संभावना है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में दोपहर और शाम के समय बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में बिजली चमकने के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

