छत्तीसगढ़ में SIR के बाद मतदाताओं की संख्या 1.87 करोड़ पार, दुर्ग में सबसे ज्यादा नए वोटर जुड़े

रायपुर। राज्य में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। संशोधित आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता दर्ज किए गए हैं। ड्राफ्ट सूची की तुलना में 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।

दुर्ग में सर्वाधिक बढ़ोतरी

जिला स्तर पर देखें तो सबसे अधिक करीब 30 हजार नए मतदाता दुर्ग जिले में जुड़े हैं। वहीं रायपुर जिले में मात्र 521 नए नाम जोड़े गए, जो सबसे कम वृद्धि है।

1 लाख से अधिक नाम हटाए गए

अंतिम प्रकाशन के अनुसार राज्यभर में 1 लाख 8 हजार 807 नाम सूची से हटाए गए। इनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा नाम रायपुर में (करीब 30 हजार) हटाए गए, जबकि कोरबा में 15 हजार और दुर्ग में लगभग 7 हजार नाम विलोपित किए गए।

चार महीने चला अभियान

SIR अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर करीब चार महीने तक चला। इस दौरान राज्य के 33 जिलों में मिशन मोड में कार्य किया गया। 27 हजार से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया और करीब 1.84 करोड़ गणना फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया।

दावे-आपत्तियों का समय पर निपटारा

23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन लिए गए। सभी मामलों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया।

ऑनलाइन भी देखें अपना नाम

मतदाता अंतिम सूची मतदान केंद्रों के साथ-साथ आधिकारिक पोर्टल पर भी उपलब्ध है। मतदाता जिला निर्वाचन कार्यालय और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर जाकर अपने नाम की जांच कर सकते हैं।

यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नया पंजीकरण कराया जा सकता है, जबकि संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जाता है।

Scroll to Top