छत्तीसगढ़ के 3 युवा क्रिकेटर NCA कैंप के लिए चयनित, U-16 लेवल पर बड़ी उपलब्धि

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन नेशनल क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित अंडर-16 एलीट और हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए किया गया है। यह चयन ऑल इंडिया जूनियर सिलेक्शन कमेटी ने किया है, जिसे राज्य क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए अर्शवीर सिंह भाटिया का चयन हुआ है। यह कैंप बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 18 मई से 13 जून 2026 तक आयोजित होगा। वहीं अंडर-16 एलीट कैंप के लिए प्रतीक गंधर्व और अरहम नाहर को चुना गया है। एलीट कैंप 11 मई से 6 जून 2026 तक देश के अलग-अलग सेंटरों पर होगा, जहां गंधर्व देहरादून और नाहर अनंतपुर में ट्रेनिंग लेंगे।

इस कैंप में खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के टॉप कोचिंग स्टाफ की निगरानी में ट्रेनिंग मिलेगी। इसमें बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग के साथ-साथ फिटनेस, स्ट्रेंथ और प्रोफेशनल रूटीन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

NCA कैंप को युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म माना जाता है, जहां परफॉर्मेंस एनालिसिस, वीडियो स्टडी और डेटा के जरिए खेल को बेहतर बनाया जाता है। यही नहीं, यह कैंप आगे चलकर अंडर-19, रणजी और राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता भी बनता है।

देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलने से इन खिलाड़ियों को अच्छा एक्सपोजर मिलेगा और चयनकर्ताओं की नजर में आने का अवसर भी मिलेगा। छत्तीसगढ़ के इन खिलाड़ियों से आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

Scroll to Top