छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: दो अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को तेज रफ्तार ने पांच जिंदगियां छीन लीं। रायपुर और बिलासपुर जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं के पीछे तेज गति को मुख्य कारण माना जा रहा है।

रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर पारागांव के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। टाटा विस्ता कार (CG 04 HD 2156) में सवार चार युवक महासमुंद से अपने रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे।

वापसी के दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस दुर्घटना में हर्ष कुमार देवांगन (21), राहुल देवांगन (20) और थानू सतनामी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिथलेश धीवर (23) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू के मुताबिक, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

📍 बिलासपुर में आमने-सामने टक्कर – 2 की मौत

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक रेलकर्मी समेत दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी मनहरण कमल (61) रेलवे में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और कोटा रेलवे स्टेशन पर तैनात थे। वे ड्यूटी के लिए निकले थे। जूना शहर के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।

दूसरी बाइक पर शिव धनुहार (35) और कृष्णा धनुहार सवार थे, जो एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर के बाद सभी सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मनहरण कमल और शिव धनुहार की मौके पर ही मौत हो गई।

कृष्णा धनुहार को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Scroll to Top