छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा सेस बढ़ाए जाने के बाद 2 अप्रैल सुबह 6 बजे से पेट्रोल की कीमत में 1 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई है। अब Raipur समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सरकार पहले पेट्रोल पर 24 प्रतिशत वैट और 1 रुपए सेस वसूल रही थी, जिसे अब बढ़ाकर 2 रुपए कर दिया गया है। इसी कारण पेट्रोल की कीमत में यह बढ़ोतरी हुई है। डीजल पर अभी भी 23 प्रतिशत वैट और 1 रुपए सेस ही लागू है, जिससे उसकी कीमत स्थिर बनी हुई है।
रायपुर में पहले पेट्रोल की कीमत करीब 99.44 से 99.47 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 100.44 से 100.47 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत लगभग 93.41 रुपए प्रति लीटर बनी हुई है।
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी किसी तरह की किल्लत नहीं है। राज्य सरकार को पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट और सेस से हर साल 7000 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व मिलता है, जो सेस बढ़ने के बाद और बढ़ने की संभावना है।
इसके साथ ही एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई भी अब सामान्य हो रही है। पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार एजेंसियों को मांग के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, हालांकि ओटीपी आधारित डिलीवरी सिस्टम के कारण थोड़ी देरी हो सकती है।

