बिलासपुर: गर्मी बढ़ने के साथ ट्रेनों में एसी बर्थ की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त AC-3 टियर कोच जोड़ने का फैसला लिया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 18237 कोरबा–अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यह अतिरिक्त कोच 11 मार्च को लगाया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर–बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यह सुविधा 13 मार्च 2026 को उपलब्ध रहेगी।
बढ़ती गर्मी और यात्रियों की मांग को देखते हुए फैसला
मार्च महीने में ही तापमान कई जगहों पर 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की एसी कोच में सीट पाने की मांग बढ़ गई है। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाए जाने से ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिल सकेगी। गर्मी के मौसम और छुट्टियों के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में यह अस्थायी व्यवस्था यात्रियों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

