
सक्ति: छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आठ महीने से लापता एक व्यक्ति की हत्या उसी के परिवार द्वारा कर दी गई और शव को घर के अंदर दफना दिया गया। पीड़ित संदीप भारती चारपारा गांव (मालखरोदा) का रहने वाला था, जिसके गायब होने पर परिवार ने बताया था कि वह बिना बताए कहीं चला गया है।
सच्चाई तब सामने आई जब संदीप की मां से अनजाने में ही सच बाहर निकल गया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शनिवार को पुलिस ने घर की खुदाई कर शव के अवशेष बरामद किए।
परिवार के खिलाफ जांच तेज, हत्या का मकसद अभी रहस्य
पुलिस ने संदीप के परिवारजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सक्ति पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही और जानकारी साझा की जाएगी। मामले की गहराई तक जाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।” इस भयावह घटना ने गांववालों को हिला कर रख दिया है, क्योंकि आरोपी पीड़ित के अपने ही परिजन हैं।

