बिलासपुर में 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त, कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के दावों के बीच कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त की है। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई।

कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में खाद-बीज विक्रेताओं की जांच की। जांच के दौरान सेवा सहकारी समिति चपोरा, महेश्वरी कृषि केंद्र रतनपुर, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर, सेवा सहकारी समिति रतनपुर और उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर में रिकॉर्ड और भंडारण से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।

अधिकारियों के मुताबिक मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर में लगभग 180 क्विंटल अमानक उर्वरक एनपीके 20:20:0:13 भंडारित पाया गया। इसके बाद संबंधित खाद के विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

जांच के दौरान पाए गए नियम उल्लंघन को लेकर संबंधित दुकानदारों और संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। कृषि विभाग ने साफ कहा है कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

कृषि विभाग के उप संचालक पीडी हथेश्वर ने कहा कि गुणवत्ताहीन और अमानक कृषि आदानों की बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग लगातार खाद-बीज दुकानों की जांच कर रहा है ताकि किसानों को सही और प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध हो सकें।

Scroll to Top