छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने देर रात सड़कों पर उपद्रव करने वाले बदमाशों और नियम तोड़ने वाले बाइकर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने, बिना नंबर प्लेट के घूमने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़कर सख्त चेतावनी दी गई। कार्रवाई के दौरान कई युवकों से उठक-बैठक भी कराई गई और उन्हें दोबारा गलती न करने की हिदायत दी गई। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।

जिले में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। देर रात सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और लोगों में डर का माहौल बनाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोमवार रात एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुछ संदिग्ध युवकों के पास से हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस को सिरगिट्टी क्षेत्र के अंडरब्रिज के पास शराबखोरी और बदमाशों के जमावड़े की लगातार शिकायत मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर जवान तैनात किए गए थे ताकि भागने की कोशिश करने वालों को तुरंत पकड़ा जा सके।
कार्रवाई के दौरान 7 बाइक जब्त की गईं और 12 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे कई युवकों को दौड़ाकर पकड़ा गया।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में कुल 513 लोगों के खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का फोकस खासतौर पर चाकू लेकर घूमने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर डर फैलाने वाले और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों पर रहा।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में धारा 151 के तहत 55, धारा 107/116 के तहत 76 और आर्म्स एक्ट के 11 मामलों में कार्रवाई हुई। वहीं सरकंडा थाना क्षेत्र में धारा 107/116 के तहत सबसे ज्यादा 130 मामले दर्ज किए गए।
कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 151 के 21 और धारा 107/116 के 93 मामलों में कार्रवाई हुई। तोरवा थाना क्षेत्र में चाकूबाजी के 2 मामले सामने आए, जबकि सिरगिट्टी और चकरभाठा क्षेत्रों में भी आर्म्स एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

