छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक द्वारा बीच सड़क पर खुद को आग लगाने की घटना सामने आई है। इस हादसे में युवक करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बर्न और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो पास के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।

यह मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक पहले पेट्रोल पंप से एक डिब्बे में पेट्रोल खरीदता है और फिर बाइक पर रखकर कुछ दूरी तक जाता है। इसके बाद वह सड़क किनारे रुकता है और अचानक खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा लेता है।
आग की लपटों में घिरा युवक चीखते हुए करीब 20 मीटर तक भागता है और फिर सड़क पर गिरकर तड़पने लगता है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पहुंचकर किसी तरह आग बुझाई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, युवक बिलासपुर जिले के एक गांव का निवासी है और दोपहर के समय पेट्रोल खरीदने के बाद यह घटना हुई। पुलिस की मदद से उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
प्रारंभिक बयान में युवक ने इसे दुर्घटना बताया है, लेकिन सामने आए वीडियो में वह खुद आग लगाते नजर आ रहा है। इसी वजह से पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



