बिलासपुर में रेलवे ट्रैक के पास अवैध महुआ शराब बनाने की तैयारी, नाले से 6 टन लहान बरामद

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे अवैध महुआ शराब बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापा मारकर नाले के पास गड्ढों में छिपाकर रखे करीब 6 टन महुआ लहान बरामद किए हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान शराब तैयार करने वाले आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे।

यह पूरा मामला कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू इलाके का बताया जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर से लगे घुटकू इलाके में रेलवे लाइन के पास बड़ी मात्रा में महुआ लहान छिपाकर रखा गया है और वहां कच्ची शराब बनाने की तैयारी चल रही है।

सूचना मिलते ही सीएसपी गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च अभियान चलाया।

300 डिब्बों में छिपाकर रखा गया था लहान

तलाशी के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे नाले में गड्ढे बनाकर करीब 300 डिब्बों में महुआ लहान रखा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि इन डिब्बों को झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था, ताकि लहान को सड़ाकर उससे कच्ची शराब बनाई जा सके।

पुलिस ने सभी डिब्बों को बाहर निकालकर जांच की, जिसमें लगभग 6000 किलो महुआ लहान बरामद हुआ। बाद में पुलिस ने मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया।

आरोपियों की तलाश जारी

कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे की टीम ने आसपास के घरों और इलाके में तलाशी भी ली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल सका कि यह लहान किसने रखा था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध शराब बनाने वाले लोगों की तलाश जारी है।

Scroll to Top