छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले चुका है। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंआ में एक युवक की शादी से नाराज युवती के चाचा ने उसके ससुर पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। घायल व्यक्ति ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम कुंआ निवासी किसान मनोज कुर्रे के अनुसार, उनके बेटे अरमान ने गांव की युवती शशि से प्रेम विवाह किया था। यह शादी शशि के चाचा लक्ष्मण जगत को मंजूर नहीं थी और वह लंबे समय से रंजिश पाले हुए था।
बुधवार दोपहर मनोज खेत से लौट रहे थे। जैसे ही वे लक्ष्मण जगत के घर के सामने पहुंचे, आरोपी ने उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मनोज के विरोध करने पर लक्ष्मण घर के भीतर गया, टंगिया निकालकर लाया और मनोज पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनोज किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचे और बाद में परिवार के साथ थाने पहुंचे।
पुलिस की कार्रवाई
चकरभाठा पुलिस ने मनोज की शिकायत के आधार पर आरोपी लक्ष्मण जगत के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस टीम निगरानी बढ़ा रही है।

