बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवक की कथित तौर पर प्रेम संबंधों के शक में हत्या कर दी गई। आरोपी ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान निखिल गोस्वामी (27) के रूप में हुई है। वह जिम संचालन के साथ-साथ एक बार में बाउंसर का काम भी करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि निखिल कानून की पढ़ाई कर चुका था और एक आपराधिक मामले में आरोपी भोला मानिकपुरी का पक्ष भी देख रहा था।
जानकारी के अनुसार, इसी दौरान निखिल की पहचान भोला की पत्नी से हुई थी। आरोपी को संदेह था कि दोनों के बीच संबंध हैं। पुलिस के मुताबिक, इसी शक के चलते उसने वारदात की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात निखिल अपने एक दोस्त के साथ बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल निखिल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद और संबंधों को लेकर संदेह की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।