बिलासपुर के मजदूरों को पुणे में बंधक बनाकर पीटा, इलाज के पैसे मांगने पर ठेकेदार ने की मारपीट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के एक मजदूर परिवार के साथ महाराष्ट्र के पुणे में मारपीट और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लेबर ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों को बुरी तरह पीटा, जिसमें कई लोगों के सिर फट गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुणे निवासी ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय नवंबर 2025 में बिलासपुर पहुंचे थे। उन्होंने पचपेड़ी थाना क्षेत्र के सुकुलकारी गांव के संतोष महिलांगे, उनकी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों को काम दिलाने का झांसा दिया। कुछ एडवांस पैसे देकर सभी को अपने साथ पुणे के चांदे गांव ले गए, जहां उनसे मजदूरी कराई जा रही थी।

परिवार के अनुसार, जब एक गर्भवती महिला के इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने ठेकेदार से रकम मांगी, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर ठेकेदार और उसके साथियों ने मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

पीड़ितों का कहना है कि इस दौरान संतोष महिलांगे को जबरन बंधक बना लिया गया। डर के माहौल में परिवार के कुछ सदस्य वहां से भागकर बिलासपुर पहुंचे और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने परिजन को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब बिलासपुर पुलिस और प्रशासन महाराष्ट्र पुलिस के संपर्क में हैं और बंधक बनाए गए मजदूर को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है।

वायरल वीडियो में ठेकेदार और उसके सहयोगी मजदूरों के साथ मारपीट करते और उन्हें धमकाते नजर आ रहे हैं। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

पुलिस की सलाह पर पीड़ित परिवार ने श्रम विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top