बिलासपुर में पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, शक के चलते वारदात; आरोपी खुद थाने पहुंचा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पत्नी पर शक के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी।

यह मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आरोपी जीवन नोरगे (65) अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर मंगलवार को दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।

गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह सीधे थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची, जहां महिला का शव मुंह के बल पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और कमरे में खून फैला हुआ था। मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी और टूटी चूड़ियां भी बरामद की गईं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top