बिलासपुर में पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, बाथरूम में सिर पटककर की वारदात

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने घर के बाथरूम में पत्नी का सिर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार यह घटना बिलासपुर के नेहरू नगर इलाके की है। सिविल लाइन थाना पुलिस के मुताबिक MIG-33 नेहरू नगर में रहने वाली 37 वर्षीय पुष्पलता यादव की हत्या उसके पति युवराज यादव (43) ने की है। युवराज मूल रूप से कोटा क्षेत्र के मोहनभाठा का निवासी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले मकान मालकिन किराएदारों से घर खाली करने की बात कहने आई थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। उस समय युवराज शराब के नशे में था और उसने पत्नी से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी को घर के अंदर ले जाकर बाथरूम के पास उसका सिर दीवार से पटक दिया।

हमले में पुष्पलता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं और उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक दंपति करीब एक महीने पहले ही इस किराए के मकान में रहने आए थे। पुष्पलता मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाती थी, जबकि उसका पति शराब का आदी था और अक्सर उसके साथ विवाद करता था।

Scroll to Top