बिलासपुर में गैस सिलेंडर पाइप फटने से आग, 3 महिलाएं समेत 4 लोग झुलसे

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक घर के किचन में गैस सिलेंडर के पाइप फटने से आग लगने की घटना सामने आई है। यह हादसा जूना बिलासपुर के कतियापारा इलाके में रविवार को हुआ, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अशोक निर्मलकर के घर में खाना बनाते समय अचानक गैस का रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। उस समय किचन में मौजूद पूजा निर्मलकर, सरोजिनी निर्मलकर और ममता निर्मलकर आग की चपेट में आकर झुलस गईं। वहीं आग बुझाने के प्रयास में अशोक निर्मलकर भी झुलस गए और उनके चेहरे पर चोट आई।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सिलेंडर का पाइप फटने और जलने के कारण गैस लीक हुई, जिससे आग भड़क गई। इस हादसे में कुल चार लोग झुलसे हैं, हालांकि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Scroll to Top