बिलासपुर में बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का डर दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने महिला को बातों में उलझाकर करीब 2 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सिंधी कॉलोनी निवासी 68 वर्षीय विद्या मोटवानी की कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान है। 3 अगस्त की शाम वह रोज की तरह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं।
बस स्टैंड का रास्ता पूछकर शुरू की बातचीत
नेहरू चौक के पास ऑटो में बैठे दो युवकों ने महिला से बस स्टैंड जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान एक और युवक वहां पहुंच गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर महिला को अपनी बातों में उलझा लिया।
आरोपियों ने महिला को बताया कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए सोने के गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रख दिए जाएंगे।
इसके बाद महिला उनके झांसे में आ गई और अपने हाथ का सोने का कंगन और अंगूठी उतारकर आरोपियों को दे दिए। ठगों ने जेवर कपड़े में बांधने का नाटक किया और महिला को कागज की पोटली थमा दी।
कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने महिला को ऑटो से उतार दिया और फरार हो गए। बाद में जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें जेवर की जगह कागज निकला।
एक कंगन बचने से बड़ा नुकसान टला
परिजनों ने बताया कि महिला के एक हाथ में चोट के कारण सूजन थी, जिसकी वजह से उस हाथ का दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया। अगर वह कंगन भी उतर जाता तो ठग और ज्यादा जेवर लेकर फरार हो जाते।
ऑटो चालक की भूमिका पर भी जांच
पुलिस को इस वारदात में ऑटो चालक की भूमिका पर भी संदेह है। जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या ऑटो चालक भी इस पूरी साजिश में शामिल था।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में दो युवक महिला से बातचीत करते और उसे अपने झांसे में लेते नजर आ रहे हैं। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।