बिलासपुर में जलभराव से 150 घर प्रभावित, हाईवे जाम के बाद प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज

लगातार हो रही बारिश के बीच बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित धूमा गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से करीब 150 घरों में पानी भर गया। जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जताते हुए रायगढ़-रायपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान एंबुलेंस सहित कई बड़े वाहन जाम में फंस गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल हाईवे के निर्माण के समय पानी निकासी के लिए पर्याप्त ड्रेनेज और पुलिया का निर्माण नहीं किया गया। अधूरे निर्माण कार्य के कारण बारिश का पानी गांव में जमा हो रहा है, जिससे बड़ी संख्या में घरों में पानी घुस गया और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया।

शनिवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 1 बजे तक चला। हाईवे बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों को हुई जो एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने कई बार ग्रामीणों से सड़क खाली करने की अपील की, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।

मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और राजस्व विभाग के अधिकारी भी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जलभराव की समस्या का जल्द समाधान करने और अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।

हालांकि, प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भी गांव में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका। दूसरी ओर, पुलिस ने बिना पूर्व अनुमति सड़क जाम करने और यातायात बाधित करने के आरोप में पांच नामजद लोगों सहित अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

सिरगिट्टी थाना प्रभारी वाईपी सिंह के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान विवेक पटेल, लक्ष्मण पटेल, जितेंद्र पटेल, मिनी पटेल, कविता पटेल सहित अन्य ग्रामीण सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Scroll to Top