सिम्स अस्पताल में हिंदूवादी नेता और गार्ड के बीच विवाद, कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारने का VIDEO वायरल

बिलासपुर के Chhattisgarh Institute of Medical Sciences में एक विवाद का मामला सामने आया है, जहां NICU के बाहर रोके जाने पर हिंदूवादी संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी के बीच जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में नेता ने गार्ड का कॉलर पकड़कर उसे थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक अस्पताल में सफाई कार्य चल रहा था, जिसके कारण NICU के बाहर लोगों की आवाजाही रोकी गई थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मी मनीष कश्यप ने राम सिंह ठाकुर को अंदर जाने से रोका, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राम सिंह ठाकुर ने गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान गार्ड के गले की चेन और लॉकेट भी टूट गया।

वायरल वीडियो में राम सिंह ठाकुर सुरक्षाकर्मी को धमकाते और ऊंची आवाज में बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह स्वास्थ्य मंत्री Shyam Bihari Jaiswal और अस्पताल प्रबंधन का नाम लेते हुए कार्रवाई की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।

विवाद के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। वहीं सुरक्षाकर्मी का कहना है कि ड्यूटी के दौरान उसके साथ सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई।

दूसरी ओर राम सिंह ठाकुर का कहना है कि गार्ड ने उनसे अभद्र तरीके से बात की, जिसके कारण विवाद हुआ। उनका आरोप है कि सुरक्षाकर्मी आम लोगों से गलत व्यवहार कर रहा था और बातचीत का तरीका ठीक नहीं था।

मामले को लेकर सिम्स प्रबंधन ने जांच के निर्देश दिए हैं। अस्पताल के एमएस Lakhan Singh ने कहा कि दोनों पक्षों से चर्चा कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल परिसर में हंगामा, गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top