शराब के पैसे नहीं देने पर व्यापारी पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के Bilaspur में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यापारी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी ने धारदार ब्लेड से हमला कर व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जैकी छाबड़ा रात करीब 10:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शारदा होटल के पास देवरीखुर्द निवासी भुवनेश्वर पटेल ने उनसे शराब के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी भड़क गया।

इसके बाद उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। इस हमले में व्यापारी के गले, पेट और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही Chhattisgarh Police के तारबाहर थाने की टीम ने तत्काल मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी रविंद्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है, जो थर्मोकोल काटने वाला प्लास्टिक कवर लगा ब्लेड बताया जा रहा है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Scroll to Top