भिलाई में पत्नी ने पति की हत्या की, घरेलू विवाद के बीच सिलबट्टे से वार

भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड 35 में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने घरेलू विवाद के दौरान अपने पति की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी हीरामणी साहू (करीब 35 वर्ष) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं और पड़ोसियों के मुताबिक घर में अक्सर झगड़े होते थे, जिससे आसपास के लोग भी परेशान रहते थे। बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल को ही पत्नी ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था।

कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पति शाम को घर लौटा और शिकायत को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक अक्सर शराब के नशे में घर आता था और विवाद करता था। कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट की बात सामने आई है, जिसके कारण पत्नी पहले से परेशान थी और कई बार शिकायत कर चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Scroll to Top