भिलाई में अस्पतालों से 20 लाख की वसूली का प्रयास: जेपी नड्डा की फोटो दिखाकर करता था ब्लैकमेल, दूसरी FIR दर्ज

भिलाई में प्राइवेट अस्पतालों को जांच के नाम पर डराकर पैसे मांगने वाले एक आरोपी के खिलाफ दूसरी FIR दर्ज की गई है। आरोपी गुरमीत सिंह वाधवा पर आरोप है कि वह खुद को मैग्जीन का मैनेजिंग एडिटर बताकर अस्पताल प्रबंधन पर दबाव बनाता था और मोटी रकम की मांग करता था।

शिकायत के अनुसार, आरोपी जेपी नड्डा के साथ अपनी तस्वीर दिखाकर भरोसा दिलाता था कि उसे अस्पतालों की जांच का अधिकार मिला हुआ है। इसी बहाने वह खामियां गिनाकर 20 लाख रुपए की मांग कर रहा था।

यह मामला स्पर्श अस्पताल के जीएम की शिकायत के बाद सामने आया। इससे पहले छावनी थाने में एक अन्य अस्पताल ने भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जहां उसने 5 लाख रुपए मांगने की कोशिश की थी।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, आरोपी पहली बार नवंबर 2025 में आया था और खुद को फोर्ब्स मैगजीन का मैनेजिंग एडिटर बताया। उसने अपनी बेटी को विदेशी मीडिया संस्थान की पत्रकार बताकर भी भरोसा जीतने की कोशिश की। शुरुआत में मामला आधिकारिक जांच जैसा लगा, लेकिन बाद में उसके दस्तावेज और व्यवहार संदिग्ध लगे।

बताया गया कि आरोपी बार-बार अस्पताल आकर ऑक्सीजन प्लांट, बिल्डिंग और पर्यावरण नियमों में कमियां बताता था और कार्रवाई का डर दिखाकर पैसे मांगता था। उसने अस्पताल बंद कराने और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का हवाला देकर दबाव बनाने की कोशिश भी की।

जीएम के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उसने अलग-अलग नंबरों से कई बार कॉल कर धमकियां दीं। इतना ही नहीं, उसने विभिन्न सरकारी विभागों में शिकायतें कर और आरटीआई के जरिए भी दबाव बनाने का प्रयास किया।

शिकायत के आधार पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह उसके खिलाफ दर्ज दूसरी FIR है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top