रायपुर। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी भी चर्चा का विषय बनी रही। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ था। इस आयोजन की विशेषता यह भी रही कि स्थानीय विधायक दीपेश साहू का विवाह भी इसी समारोह में संपन्न हुआ, जिससे समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि विवाह समारोह के लिए टेंट और पंडाल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अचानक मौसम खराब होने के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पुराने विश्राम गृह और अन्य भवनों पर विचार किया गया। अधिकारियों से चर्चा के बाद कार्यक्रम को विश्राम गृह में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आयोजन में हुई अव्यवस्थाओं की जांच के लिए संभागीय कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सरगुजा जिले के मैनपाट में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद के बाद तहसीलदारों द्वारा हड़ताल पर जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और तहसीलदारों के बीच लगातार बातचीत जारी है तथा जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।

